अपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी आयकर विभाग में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, एसीबी ने संविदा कर्मी को रंगे हाथों दबोचा।

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भिवाड़ी में बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। आयकर विभाग भिवाड़ी में कार्यरत संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर सुभाष चन्द उर्फ सोनू को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर की गई।

एसीबी चौकी भिवाड़ी को मिली शिकायत के अनुसार, परिवादी ने अपने पुराने पैन कार्ड को बंद करवाने के लिए आयकर विभाग भिवाड़ी में आवेदन दिया था। आरोप है कि इस प्रक्रिया के बदले कर्मचारी सुभाष चन्द ने पहले पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की और लगातार परिवादी को परेशान किया। शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरवीजन में तथा चौकी प्रभारी परमेश्वर लाल, उप अधीक्षक पुलिस (टीएलओ) के नेतृत्व में टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को चार हजार रुपये लेते समय धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।

एसीबी ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में व्याप्त रिश्वतखोरी के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आम नागरिकों से रिश्वत मांगने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। भिवाड़ी में हुई यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम में एक बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button