खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जिला प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने सड़क सुरक्षा सप्ताह का किया शुभारंभ

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 13 दिसंबर। कृषि एवं उद्यानिकी ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा जन अभियोग निराकरण मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने शनिवार को जलीय सचिवालय खैरथल से सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ “नो सीट बेल्ट, नो हेलमेट, नो एंट्री” थीम पर आधारित जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित आमजन, वाहन चालकों एवं युवाओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई तथा सभी से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. मीणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, जनहानि रोकना तथा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा के पालन, नशे में वाहन नहीं चलाने तथा मोबाइल फोन के उपयोग से बचने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाकर सड़क दृश्यता बढ़ाने का संदेश दिया गया तथा सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली विभिन्न मार्गों से होकर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जिले भर में जागरूकता रैलियाँ, विद्यालयों में कार्यक्रम, यातायात नियमों की जानकारी, पंपलेट वितरण एवं प्रचार गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो और दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।
इस दौरान जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू, जिला उपाध्यक्ष राजेश बटवाड़ा, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, नगर परिषद उपसभापति वरुण डाटा, नगर परिषद आयुक्त मुकेश कुमार, विकास अधिकारी संजय यादव, अंजली यादव, इंद्र यादव, अशोक डाटा, ओमप्रकाश मांधू, तरुण दुलानी सहित नगर परिषद पार्षद एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


