नागौर। समाज में दहेज प्रथा के प्रति जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का उदाहरण पेश करते हुए गाँव रातगां, तहसील जायल, जिला नागौर निवासी श्री मोतीसिंह हाडा के सुपुत्र श्री बलवीर सिंह ने अपनी शादी में मिला दहेज राशि को वापस लौटाकर एक सराहनीय पहल की है।
तिलकनगर निवासी सुश्री संजू कंवर, जिनके मामा श्री बजरंग सिंह, राजेन्द्र सिंह, मदन सिंह, मनोहर सिंह व शंकर सिंह हैं, के साथ इनका विवाह 30 नवंबर 2025 को सम्पन्न हुआ।
विवाह के दौरान वधु पक्ष द्वारा दी गई 5 लाख रुपये की दहेज राशि को दूल्हे राजा बलवीर सिंह ने बिना किसी संकोच और पूर्ण सम्मान के साथ वधु पक्ष को वापस कर दिया। दूल्हे के इस निर्णय से दोनों पक्षों में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई।
लड़की के मामा एवं परिजनों ने इस मानवीय और सामाजिक संदेश देने वाले कदम की दिल से सराहना की तथा दूल्हे बलवीर सिंह और उनके परिवार का आभार व्यक्त किया।
समाज में दहेज प्रथा को रोकने की दिशा में यह एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है, जो आने वाले समय में अन्य परिवारों के लिए भी मिसाल बनेगा।