अपराधब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
भिवाड़ी: सिलेंडर चोरी का खुलासा, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा — 5 गैस सिलेंडर बरामद

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। पुलिस थाना फेज-III ने इलाके में लगातार हो रही सिलेंडर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज पासवान (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5 घरेलू गैस सिलेंडर और चोरी की घटनाओं में उपयोग किया गया एक श्री-व्हीलर टेम्पो भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, कैपिटल मॉल के सामने स्थित मंगल टी स्टॉल से 23 नवंबर और 3 दिसंबर को सिलेंडर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दोनों मामलों की शिकायत के बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर तफ्तीश शुरू की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सूरज पासवान ने न केवल इन दोनों वारदातों को कबूल किया, बल्कि क्षेत्र के अन्य स्थानों से भी सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपी से यह भी पता चला कि वह चोरी किए गए सिलेंडरों को सस्ते दामों पर आगे बेच दिया करता था।
थाना फेज-III पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उससे अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

Subscribe to my channel


