देशधर्मबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में 20 अक्टूबर को धूमधाम से मनाई जाएगी दीपावली, मंदिर समिति ने अधिकारियों से की विशेष व्यवस्थाओं की मांग

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

बस्ती टाइम्स 24 न्यूज

 

बीकानेर, 16 अक्टूबर 2025:

श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति बीकानेर ने घोषणा की है कि श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में इस वर्ष दीपावली पर्व 20 अक्टूबर को परंपरागत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। मंदिर के कथावाचक पंडित विजय शंकर व्यास एवं मुख्य पुजारी श्री शंकर महाराज सेवग ने बताया कि मंदिर परिसर में धनतेरस 18 अक्टूबर, रूप चौदस 19 अक्टूबर, दीपावली 20 अक्टूबर, गोवर्धन पूजा 22 अक्टूबर, और भाई दूज 23 अक्टूबर को मनाई जाएगी।

इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए, समिति के सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने मंदिर परिसर में ट्रैफिक एवं सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की। कच्छावा ने बताया कि दीपावली पर्व पर बीकानेर शहर ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों से भी हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे क्षेत्र में भारी भीड़ और जाम की स्थिति बन जाती है।

पुलिस अधीक्षक श्री कावेंद्र सागर ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल एवं ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही समिति ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर श्री लक्ष्मीनाथ जी पार्क की टूटी हुई दीवार के पुनर्निर्माण की मांग की। वहीं नगर निगम के अधिकारियों से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, मंदिर के मुख्य द्वार के पास टूटी सड़क और नालियों की मरम्मत कराने का भी अनुरोध किया गया।

शिष्टमंडल में विनोद महात्मा, अनिल सोनी, पंडित हरी महाराज जोशी, हनुमंत आसोपा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button