देशधर्मब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान

भिवाड़ी में सनातन धर्म सेवा समिति ने मनाया नवमी का पर्व, भव्य जागरण ने बांधा समां।

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी, 02 अक्टूबर।

नवरात्र महोत्सव के पावन अवसर पर सैक्टर-1 यूआईटी स्थित सनातन धर्म सेवा समिति द्वारा नवमी का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। दिनभर माता रानी के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा।

सुबह के समय कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें समिति सदस्यों ने परंपरा अनुसार छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर विधि-विधान से पूजन किया। कन्याओं को वस्त्र, चुनरी, मिठाई और उपहार प्रदान कर उनका सम्मान किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में पंडित किशन लाल शास्त्री और पंडित हेमचंद शर्मा ने मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि विधान से पूजा संपन्न कराई। भक्तों का मानना है कि कन्या पूजन से मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

शाम ढलते ही समिति प्रांगण में माता का भव्य जागरण आरंभ हुआ। बाहर से आए प्रसिद्ध कलाकारों ने श्रृंगारित झांकियां और मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। देवी भजनों की गूंज ने भक्तों को रातभर मां के दरबार में झूमने और भाव विभोर होने पर मजबूर कर दिया। “जय अम्बे गंगे” और “मेरे अंगना पधारो सांवरे” जैसे भजनों ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। मंच पर सजीव झांकियों में मां दुर्गा के विभिन्न रूपों का दर्शन कर भक्तजन मंत्रमुग्ध हो उठे।

इस अवसर पर समिति के सभी कार्यकर्ता, श्रद्धालु और नगर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। भिवाड़ी ही नहीं बल्कि आस-पास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और माता के भव्य दरबार में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

सनातन धर्म सेवा समिति द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि समाज में एकता और भक्ति का संदेश भी प्रसारित करता हुआ दिखाई दिया। आयोजकों ने भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए इसे सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी का धन्यवाद किया।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button