उत्तर प्रदेशदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़राजनीति
प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व पर आधारित भव्य चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 18 सितम्बर 2025।
बस्ती सदर तहसील परिसर में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित 15 दिवसीय भव्य चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने फीता काटकर किया।
अपर जिला सूचना अधिकारी हितेन्द्र कुमार ने जिलाध्यक्ष को प्रदर्शनी का अवलोकन कराते हुए बताया कि निदेशालय द्वारा भेजी गई इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के बाल्यकाल से लेकर अब तक की यात्रा, राष्ट्र निर्माण के संकल्प, जनसेवा, सांस्कृतिक विरासत के पुनरुद्धार और उनके नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन संघर्ष, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उनका जीवन युवा शक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है और उनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा में सक्रिय भूमिका निभाई जा सकती है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि 2 अक्टूबर तक सदर तहसील परिसर में स्थापित इस निःशुल्क प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य करें और प्रधानमंत्री के जीवन के अनछुए पहलुओं को जानें।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष भानुप्रकाश मिश्र, अमृत वर्मा, मनीष चौबे, आदित्य शर्मा, देवानन्द पाण्डेय, सच्चिदानन्द सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


