ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजनीतिराजस्थान
भिवाड़ी से बड़ी खबर – मंत्री संजय शर्मा की सख्ती और सियासी बयान

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी, मंगलवार।
भिवाड़ी मंगलवार को दोहरी गूंज का गवाह बना। एक ओर औद्योगिक प्रदूषण को लेकर वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी, वहीं दूसरी ओर आस्था और राजनीति पर भी उनके तीखे बयान सुर्खियों में रहे।
रिको गेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने साफ कहा कि भिवाड़ी की कई फैक्ट्रियां खुले में अनट्रीटेड पानी व इंडस्ट्रियल वेस्ट छोड़ रही हैं, जिससे हवा और पानी जहरीले हो रहे हैं। इसे उन्होंने “जनता के स्वास्थ्य पर सीधा हमला” बताते हुए प्रदूषण विभाग को तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने दो टूक कहा—“अब लापरवाह औद्योगिक इकाइयों को किसी भी तरह की रियायत नहीं मिलेगी। भिवाड़ी को हर हाल में प्रदूषण मुक्त और हरित क्षेत्र की दिशा में आगे बढ़ाना होगा।”
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण, एडीएम सुमित्रा मिश्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय पर बड़ा बयान
मंत्री संजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि नवनिर्मित भर्तृहरि नगर जिले का मुख्यालय खैरथल ही रहेगा। उन्होंने कहा—“जहां कलेक्टर बैठता है, वही जिला मुख्यालय होता है। इस विषय पर भ्रम फैलाना जनता को गुमराह करने जैसा है।”
आस्था से जुड़ा संदेश
भर्तृहरि बाबा को लोक देवता बताते हुए मंत्री ने कहा—“सच्चे मन से बाबा को याद करने पर सारे संकट दूर हो जाते हैं, यहां तक कि वे दिल्ली में भी दर्शन देते हैं।” उन्होंने तिजारा को सौभाग्यशाली बताया कि यहां बाबा की गुंबद और पूजा स्थल है।
कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमेशा अच्छे कामों में बाधा डालती है। उन्होंने कहा—“आंदोलन करने से हमें एतराज नहीं है, लेकिन आंदोलन जनता की मूलभूत समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर होना चाहिए, न कि राजनीतिक भ्रम फैलाने के लिए।”
👉 भिवाड़ी में मंत्री की सख्ती से उद्योग जगत में हलचल मच गई है, वहीं आस्था और राजनीति पर दिए उनके बयानों से सियासी तापमान भी गर्म हो गया है।

Subscribe to my channel


