देशधर्मबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बीकानेर में जन्माष्टमी महोत्सव: “नंद के आनंद भयो” कार्यक्रम में झूमे भक्त

बीकानेर से डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 15 अगस्त।

श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति, बीकानेर विकास प्राधिकरण, राजस्थान संगीत नाटक अकादमी जोधपुर और लोट्स डेयरी के संयुक्त तत्वावधान में जन्माष्टमी के अवसर पर सोमवार को श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम “नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की” का आयोजन हुआ।

समिति के सचिव सीताराम कच्छावा ने बताया कि डीग से आई “श्रीजी बृज लोक कला मंच” की टीम ने कृष्ण-राधा की लीलाओं को गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर वातावरण भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने राधा-कृष्ण के प्रेम भरे गीतों के साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति गीत भी गाए, जिससे श्रद्धालु झूम उठे।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और ठाकुरजी की आरती से हुई। इसके बाद कलाकारों ने “घूंघट उठा दे राधा रानी”, “बरसाने की मोर कुटी में मोर बन आयो रसिया” और “आज बृज में होली रे रसिया” जैसे गीतों के साथ आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। बीकानेर के स्थानीय कलाकार गौरीशंकर सोनी, प्रवेश सेवग और मुन्ना सरकार ने भी भक्ति गीतों से समां बांधा।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर “नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की” जैसे भजनों के बीच खिलौने, टॉफियां और बिस्किट भक्तों में वितरित किए गए।

रात 12 बजे कंस वध का मंचन किया गया और कथा वाचक पंडित ओमप्रकाश व्यास ने श्रीकृष्ण जन्म कथा वाचन कर जन्म पत्रिका पढ़ी। इसके बाद आरती हुई और श्रद्धालुओं को पंजीरी व पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यशपाल गहलोत, भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, विजय आचार्य, सीओ मोटाराम, थानाधिकारी जसबीर सिंह, गौसेवक श्रीभगवान अग्रवाल, भाजपा कोषाध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, हिंदू जागरण मंच प्रांतीय संयोजक कैलाश भार्गव और पार्षद किशोर आचार्य सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अतिथियों का स्वागत सीताराम कच्छावा समेत समिति सदस्यों ने किया। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र हर्ष और ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button