खैरथल- तिजारादेशब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान : “हरयाळो राजस्थान” के तहत खैरथल-तिजारा में वृक्षारोपण की धूम

*भिवाड़ी नगर वन में मियावाकी पद्धति से 50,000 पौधे, हरियाली तीज पर होगा वन महोत्सव* *प्रभारी मंत्री विभिन्न विभागों द्वारा अर्जित विशेष उपलब्धियों, संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की करेंगे समीक्षा*

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 24 जुलाई। राजस्थान को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने की दृष्टि से बजट 2024-25 में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महा अभियान के माध्यम से हर परिवार को जोड़ते हुए 7 करोड़ पौधे लगाने एवं पालने का लक्ष्य रखा गया था, इस क्रम को सतत रखने के लिए मल्टी सेक्टोरल प्रोग्राम के रूप में मिशन हरयाळो राजस्थान की घोषणा की गई। बीते वर्ष 7 अगस्त 2024 से शुरू हुए इस अभियान के पहले चरण में 7 करोड़ पौधे लगाए गए जिसका वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना। इसी पहल को आगे बढ़ते हुए इस वर्ष राज्य सरकार द्वारा “हरयाळो राजस्थान मिशन” के अंतर्गत प्रदेशभर में 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान की शुरुआत 7 अगस्त 2024 को हरियाली तीज के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा दूदू जिले के गाड़ोता में पीपल का पौधा लगाकर की गई थी। इसी क्रम में खैरथल-तिजारा जिले ने भी हरियाली की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दूरगामी सोच को साकार करने की दृष्टि से पौधरोपण के साथ उनकी उचित देखभाल की भी आवश्यकता है। इसके लिए 21 मार्च 2025 को विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा डिजी-वन पोर्टल का शुभारम्भ किया गया। पोर्टल के माध्यम से हरयाळो राजस्थान के तहत राज्य में वृहद स्तर पर किये जा रहे वृक्षारोपण पर ऑनलाइन माध्यम से निगरानी रखी जा सकेगी। गौरतलब है कि देश में यह ऐसी पहली विशेष पहल है। जिसके माध्यम से मिशन के तहत किये जा रहे वृक्षारोपण में पारदर्शिता रह सकेगी।

राजस्थान, जो जल की कमी, मरुस्थलीय भूमि और कम वनावरण की समस्या से झूझता राज्य नजर आता था, अब हरित भविष्य की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा 7 अगस्त 2024 को शुरू किया गया मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान इसी दिशा में एक क्रांतिकारी प्रयास है। जिसके परिणामस्वरूप जैव विविधता का संरक्षण, जलवायु परिवर्तन सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण, शहरी हरियाली के संवर्धन के साथ रोजगार और आर्थिक विकास जैसे आयामों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकेगा।

जिला कलेक्टर किशोर कुमार ने बताया कि जिला पर्यावरण समिति की बैठक में जिले के लिए 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया, जिसमें से अब तक 1,44,826 पौधे लगाए जा चुके हैं। साथ ही अग्रिम मृदा कार्य के तहत जिले में 5 लाख गड्ढे तैयार कर लिए गए हैं।
हरियाली तीज (27 जुलाई) के अवसर पर राज्य स्तर पर 2.5 करोड़ पौधे रोपित किए जाने का लक्ष्य है, जिसमें खैरथल-तिजारा जिले को 2 लाख पौधों का लक्ष्य दिया गया है। जिले में विशेष तैयारी के तहत 3.5 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। इसमें भिवाड़ी स्थित प्रस्तावित नगर वन ‘ए’ में मियावाकी पद्धति से 50,000 पौधे लगाए जाएंगे, जहां वन महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।

इससे पूर्व, शनिवार को प्रभारी मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की गरिमामयी उपस्थिति में कृषि उपज मंडी, खैरथल-तिजारा में वृक्षारोपण महाअभियान के तहत 1100 पौधे रोपे जाएंगे। इसके साथ ही कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं /कार्यक्रमों, विभिन्न विभागों द्वारा अर्जित विशेष उपलब्धियों, संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे।

इस महाअभियान में जिला कलेक्टर ने निजी संस्थान, औद्योगिक इकाइयां, स्वयंसेवी संगठन और आमजन से अपनी सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button