नारनौल। आरपीएस ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ पवित्रा राव ने अपने बेटे के जन्मदिन पर वीरवार को रोटरी क्लब द्वारा महावीर चौक पर संचालित रोटरी रसोई में जरूरतमंद लोगों को भरपेट भोजन करवाया। इस मौके पर चेयरपर्सन डॉ पवित्रा राव ने रोटरी रसोई में 11 हजार रूपये की सहयोग राशि भी भेंट की। इसके अलावा आरपीएस स्कूल नारनौल के प्राचार्य बाबूलाल यादव ने स्टाफ की तरफ से 3100 रूपये का सहयोग दिया। साथ ही डॉ पवित्रा राव की ओर से प्रतिमाह रोटरी रसोई पर 2500 रूपये का योगदान भी दिया जा रहा है। जिसके लिए रोटरी क्लब सदस्यों ने आरपीएस परिवार का आभार व्यक्त किया।
भोजन सेवा करते हुए चेयरपर्सन डॉ पवित्रा राव ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को भोजन करवाने से अधिक पुण्य का कोई कार्य नहीं है। डॉ पवित्रा राव ने बताया कि उनके पुत्र कुणाल का जन्म 29 फरवरी को हुआ था, इसलिए बेटे के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए रोटरी रसोई के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया।
उन्होंने लोगों से अपील की वे किसी शुभ अवसर पर अनावश्यक खर्चा करने की बजाय जरूरतमंद लोगों की सहायता करें। क्योंकि किसी जरूरतमंद का पेट भरने से बड़ा कोई पुण्य नहीं है।
उनके पुत्र कुणाल ने उपहारों को स्वीकार न करते हुए अपने शुभचिंतकों को जरूरतमंदों की सहायता करने का संदेश दिया।
रोटरी क्लब नारनौल सिटी प्रधान नरेश गोगिया ने बताया कि रोटरी रसोई पर प्रतिदिन करीब 300 से 350 जरूरतमंद लोग अपना पेट भरते हैं। अनेक जागरूक लोग अपने जन्मदिनए वैवाहिक वर्षगांठ, पुण्यतिथि या अन्य किसी भी विशेष अवसर को रोटरी रसोई के संग मना कर अपने खास दिन को यादगार बनाते हैं। ऐसे लोगों के निःस्वार्थ सेवा और सहयोग की बदौलत ही इतने वर्षों से रोटरी रसोई निरंतर सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। इस मौके पर क्लब सदस्यों ने सहयोग के लिए आरपीएस चेयरपर्सन डॉ पवित्रा राव को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।