LIVE TVउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी
खीरी में श्रावण मास व कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई लेवल बैठक, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: वैद्यराज संजय पांडेय, स्टेट हेड उत्तर प्रदेश
मोबाइल: 7376326175
लखीमपुर खीरी, 31 जुलाई 2026। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अंजनी सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों पर लगातार गश्त की जाए तथा मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही बनी रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था न हो।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी तथा आवश्यक होने पर उनके विरुद्ध अग्रिम निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। प्रमुख शिवालयों एवं घाटों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती तथा भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी श्रद्धालुओं और आम जनता के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करें। किसी भी आपात स्थिति या सूचना पर पीआरवी और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता बरतें।


Subscribe to my channel


