उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में बाढ़ से निपटने की तैयारियां पूरी, पीएसी की 30वीं वाहिनी ने किया आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शुक्रवार को पीएसी की 30वीं वाहिनी, गोंडा की बाढ़ राहत एवं बचाव टीम ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बस्ती का भ्रमण कर जिले में की गई तैयारियों का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने पीएसी दल का स्वागत करते हुए जनपद की भौगोलिक स्थिति, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, प्रमुख नदियों, संवेदनशील तटबंधों, संभावित जोखिम वाले गांवों, राहत शिविरों, निकासी मार्गों और आपातकालीन संचार व्यवस्था सहित विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर आपदा विशेषज्ञ ने पीएसी की 30वीं वाहिनी, गोंडा के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार को जनपद की “बाढ़ तैयारी पुस्तिका” भी भेंट की। इस पुस्तिका में बाढ़ प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां, विभागवार जिम्मेदारियां, मानक कार्यप्रणाली (एसओपी), राहत एवं बचाव संसाधनों का विवरण, संपर्क सूची तथा आपदा के समय अपनाई जाने वाली कार्ययोजना शामिल है।
बैठक में बताया गया कि बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक सभी निविदा प्रक्रियाएं समय से पूरी कर ली गई हैं। राहत सामग्री, नावों की व्यवस्था, खोज एवं बचाव उपकरण, राहत शिविर, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, बिजली, पशु चिकित्सा सेवाएं तथा संचार व्यवस्था सहित सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं।
पीएसी दल ने जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा की गई तैयारियों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ की किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनपद स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं तथा आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Subscribe to my channel


