ब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्यहरियाणा

हरियाणा सरकार की नई योजना: कैंसर रोगियों को मिलेगी मासिक आर्थिक सहायता

ब्यूरो चीफ सतीश कुमार महेंद्रगढ़ हरियाणा

 

हरियाणा सरकार ने कैंसर रोगियों के लिए मदद का ऐसा हाथ बढ़ाया है जो देश की दूसरी राज्य सरकारों के लिए भी एक नजीर बन सकता है। कैंसर ऐसा रोग है, जो सिर्फ मरीज की ही जान संकट में नहीं डालता, बल्कि महंगे इलाज के चलते पूरे परिवार को आर्थिक तौर पर खोखला कर देता है। मनोहर लाल खट्टर की सरकार ने जो कदम उठाया है, वह हजारों कैंसर रोगियों और उनके परिवार को कम से कम वित्तीय रूप से मनोबल बढ़ाए रखने का काम कर सकता है। हरियाणा कैबिनेट ने हाल ही में तय किया है कि कैंसर रोगियों को सरकार हर महीने आर्थिक मदद देगी।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन से इस स्कीम पर असर नहीं होगा

खास बात ये है कि जो कैंसर रोगी हरियाणा सरकार की इस स्कीम के दायरे में आएंगे, उन्हें मिलने वाली अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभ से इसका कोई लेना-देना नहीं होगा। वे सहायता पहले की तरह ही मिलते रहेंगे।

करीब 23 हजार कैंसर रोगियों को मिलेगी आर्थिक सहायता

हरियाणा कैबिनेट ने जो नया फैसला किया है, उसके तहत उन कैंसर रोगियों को सरकार मासिक सहायता देगी, जो स्टेज III और IV के मरीज हैं। हरियाणा सरकार के मुताबिक उसके इस फैसले से राज्य में लगभग 22,808 रोगियों को लाभ मिलेगा।

हर महीने 3,000 रुपए की वित्तीय सहायता

खट्टर सरकार ने फैसला किया है कि स्टेज III और IV के कैंसर मरीजों को हर महीने 3,000 रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी, जो पात्रों के सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होगी।

हरियाणा सरकार की नई योजना के लाभार्थियों के लिए यह आवश्यक है कि वह भारत का नागरिक होने के साथ ही हरियाणा का निवासी हो; या फिर वह पिछले 15 वर्षों से हरियाणा में रह रहा हो।

हर उम्र के कैंसर रोगियों को मिलेगी यह सहायता

इस योजना का लाभ हर उम्र के स्टेज III और IV के कैंसर रोगियों को दिया जाएगा। लाभार्थियों के पास परिवार पहचान पत्र भी होना चाहिए। इस योजना का फायदा लेने वालों के लिए एक और जरूरी शर्त ये है कि उसके परिवार की सालाना आमदनी 3 लाख रुपए से कम होनी चाहिए। लेकिन, इस आमदनी में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से मिलने वाले लाभ को नहीं जोड़ा जाएगा।

 

Satish Kumar

Beauro Chief Mahendragarh Haryana

Satish Kumar

Beauro Chief Mahendragarh Haryana

Related Articles

Back to top button