बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
भाजपा गंगाशहर मंडल की आत्मनिर्भर एवं मासिक बैठक सम्पन्न, संगठनात्मक गतिविधियों एवं नगर निगम चुनाव की तैयारियों पर हुआ मंथन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
भारतीय जनता पार्टी गंगाशहर मंडल की आत्मनिर्भर एवं मासिक बैठक का आयोजन आज मंडल कार्यालय में सम्पन्न हुआ। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, मंडल की कार्ययोजना, बूथ एवं शक्ति केंद्रों की मजबूती तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा बीकानेर शहर जिला महामंत्री श्याम सिंह हाड़ला ने की। उन्होंने संगठन की कार्यपद्धति, बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए गंगानगर के सह-प्रभारी एवं गंगाशहर मंडल के मार्गदर्शक मोहन जी सुराणा ने संगठन की विचारधारा, आगामी संत श्री रविदास जी जयंती उत्सव तथा तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण एवं सक्रियता के साथ संगठन के कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी बीकानेर नगर निगम चुनाव को लेकर भी विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। मंडल के सभी वार्डों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, संभावित प्रत्याशियों के संबंध में जमीनी स्तर पर सर्वे कराने, कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने तथा संगठन की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ एवं जीताऊ उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर विशेष मंथन किया गया। साथ ही आगामी चुनाव में प्रत्येक वार्ड में भाजपा को सशक्त बढ़त दिलाने तथा बीकानेर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बनाने के लक्ष्य के साथ सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
बैठक के अंत में गंगाशहर मंडल अध्यक्ष प्रकाश चंद मेघवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन की मजबूती एवं आगामी चुनावों में भाजपा की विजय के लिए सभी से समर्पित भाव से कार्य करने का आग्रह किया।
बैठक में प्रमुख रूप से मोहन जी सुराणा, श्याम सिंह हाड़ला, गोविंद जी सारस्वत, प्रकाश चंद मेघवाल, अशोक कुमार मारू, संजय जी सोनी, मूलचंद जी दहिया, राजश्री कच्छावा, पुष्पा जी कंवर, स्वाति जी छाजेड़, जेठमल जी मेघवाल, जगदीश जी सोनी, शिव जी प्रजापत सहित मंडल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


