LIVE TVअपराधबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
ऑपरेशन SHOCKWAVE: बीकानेर पुलिस का सीमा पार नार्को-आर्म्स सिंडिकेट पर बड़ा प्रहार
पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए भेजी गई 50 करोड़ रुपये की हेरोइन व अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा बरामद

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 2 अगस्त। बीकानेर पुलिस ने ऑपरेशन SHOCKWAVE के तहत भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के खाजूवाला क्षेत्र में सीमा पार सक्रिय नार्को-आर्म्स सिंडिकेट पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की 10 किलोग्राम 999 मार्का अफगान हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 अतिरिक्त मैगजीन तथा 100 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशन तथा जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल, सीओ खाजूवाला आंकाक्षा चौधरी, खाजूवाला थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई एवं डीएसटी टीम ने यह संयुक्त कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, खुफिया सूचना (HUMINT) और तकनीकी इनपुट के आधार पर सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी गई खेप को खाजूवाला क्षेत्र में इंटरसेप्ट किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेरोइन और हथियारों की यह खेप पंजाब भेजी जानी थी। स्वतंत्रता दिवस से पहले की गई इस कार्रवाई से सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
बरामदगी
10 किलोग्राम 999 मार्का अफगान हेरोइन (अनुमानित कीमत 50 करोड़ रुपये)
11 विदेशी पिस्टल (2 तुर्की निर्मित ज़िगाना पिस्टल, 4 ग्लॉक पिस्टल एवं 5 स्टार मार्क .30 बोर पिस्टल)
22 मैगजीन
100 जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में पाली जिले के जैतारण निवासी वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ राजस्थान एवं अन्य राज्यों में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि बीकानेर पुलिस सीमा पार ड्रोन ड्रॉपिंग और नार्को-आर्म्स नेटवर्क के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Subscribe to my channel


