उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

दीपावली और मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त व आईजी ने किया निरीक्षण

अमहट घाट, जीआईसी मैदान और आईटीआई परिसर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पटाखा दुकानों पर अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती। दीपावली पर्व एवं आगामी मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अमहट घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल, जीआईसी मैदान और आईटीआई परिसर में बनाए गए पटाखा बिक्री स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अमहट घाट पर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मूर्ति विसर्जन के लिए प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विसर्जन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

इसके बाद अधिकारियों ने जीआईसी मैदान और आईटीआई परिसर में पटाखा बिक्री स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। दोनों बिक्री स्थलों पर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन वाहन तैनात रखने तथा प्रत्येक दुकान के बाहर पानी और सूखी रेत से भरी तीन से चार बाल्टियां अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया। साथ ही दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी बनाए रखने और दुकानों के अंदर किसी भी प्रकार की ज्वलनशील सामग्री नहीं रखने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने विद्युत सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि दुकानों में बिजली की फिटिंग पूरी तरह सुरक्षित होनी चाहिए। कहीं भी खुले या लटकते हुए बिजली के तार नहीं होने चाहिए। प्रत्येक दुकान का विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करने के साथ ही सभी दुकानों पर ‘यहां धूम्रपान करना सख्त मना है’ का चेतावनी बोर्ड लगाना सुनिश्चित किया जाए।

पटाखा बिक्री स्थलों पर एंबुलेंस की उपलब्धता, प्रत्येक दुकान में प्राथमिक उपचार किट तथा पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा जीआईसी मैदान के किनारे जमा कीचड़ को हटवाने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिफ्टवार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दीपावली और मूर्ति विसर्जन के दौरान आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं समय से पूरी करें।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button