अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के बैनर तले “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत रविवार को जसोल में साध्वी श्री रति प्रभाजी आदि ठाणा (4) के सानिध्य में पुराने ओसवाल भवन में एक प्रभावशाली कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अणुव्रत गीतिका संगान से हुआ, जिसमें साध्वी श्री रति प्रभाजी ने “नशा नाश का द्वार है, इसको जीवन से हटाना है” गीतिका गाकर सभी को नशा त्यागने का संकल्प दिलाया। साध्वी जी ने अवगत कराया कि आचार्य श्री महाश्रमणजी की प्रेरणा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशा मुक्त भारत अभियान को पूरे देश में चलाने का निर्णय लिया है।
इससे पूर्व सुबह 8 बजे नवकार माध्यमिक विद्यालय से संयमित नशा मुक्त रैली निकाली गई, जिसे विद्यालय अध्यक्ष श्री उसबराज तातेड़ (कोठारी), अणुव्रत समिति अध्यक्ष श्री महावीर चंद सालेचा एवं शिक्षक श्री लक्समन सिंह राजोत ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में बालक-बालिकाएँ हाथों में नशा मुक्ति के बैनर, तख्तियां एवं आचार्य श्री महाश्रमणजी के संदेश लिए हुए शामिल हुए। रैली नगर के प्रमुख मार्गों – अंबेडकर सर्कल, बस स्टैंड, नगरपालिका, माता रानी भाटियाणी मार्केट, पुलिस थाना परिसर, अणुव्रत द्वार, आज़ाद चौक, मीठी माँ चौक, मुख्य बाजार आदि से होते हुए पुराने ओसवाल भवन पहुँची।
मंच पर साध्वी श्री रति प्रभाजी, साध्वी श्री काळूप्रभाजी, साध्वी श्री मनोग्य यशाजी व साध्वी श्री पावन यशाजी ने नवकार महामंत्र व आशीर्वचन देकर युवाओं को नशा मुक्त जीवन की प्रेरणा दी।
शिक्षक चंद्रप्रकाश खत्री ने नशे से होने वाली हानियों पर विस्तार से जानकारी दी, जबकि श्री डूंगर चंद बगरेचा एवं अन्य शिक्षकों ने “अणुव्रतों का यह संदेश – व्यसन मुक्त हो सारा देश”, “घर-घर में गूंजे यह नारा, नशा मुक्त हो जसोल हमारा” जैसे नारों से माहौल को जीवंत किया।
अणुव्रत मंत्री सफरूखान ने मंच का संचालन किया और प्रतिभागियों को संकल्प पत्र भरवाकर नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में सहभागियों को बिस्कुट वितरण किया गया और मंगल पाठ के साथ सभा का समापन हुआ।