उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में कृषि सखियों के लिए प्राकृतिक खेती पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 04 सितम्बर 2025 (सू.वि.) – नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती स्थित बायो इनपुट रिसोर्स सेंटर पर कृषि सखियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना और महिला कृषकों को जैविक एवं पर्यावरण अनुकूल तकनीकों से सशक्त बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक खेती की अवधारणा, फसल विविधीकरण, सहफसली खेती, जैविक कीटनाशक एवं खाद तैयार करने की विधियाँ, बीजोपचार तकनीक तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से बायो-इनपुट तैयार करने की व्यवहारिक जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पी. के. मिश्र, डॉ. वी. बी. सिंह, डॉ. अंजलि वर्मा एवं हरिओम मिश्र ने विस्तार से व्याख्यान देते हुए कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों से अवगत कराया। विशेषज्ञों ने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से न केवल खेती की लागत घटती है, बल्कि उत्पादन की गुणवत्ता भी बेहतर होती है और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि संभव है।
प्रशिक्षण के दौरान कृषि सखियों ने समूह चर्चा एवं प्रायोगिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया तथा अपने गाँवों में सीखी हुई तकनीकों को लागू करने और अन्य किसानों तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर वैज्ञानिकों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित कृषि सखियाँ गाँव-गाँव में प्राकृतिक खेती की ब्रांड एंबेसडर बनकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।

Subscribe to my channel


