देशबाड़मेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
होम वोटिंग का लगभग 64 प्रतिशत कार्य पूर्ण
*होम वोटिंग के तीसरे दिन पात्र मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक किया घर से मतदान* *मंगलवार को 1046 पात्र मतदाताओं ने घर बैठे ही किया मतदान*

ब्यूरो चीफ संतोष कुमार गर्ग बालोतरा राजस्थान
बाड़मेर, 16 अप्रैल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा आम चुनाव-2024 में होम वोटिंग के प्रथम चरण के तीसरे दिन संसदीय क्षेत्र बाड़मेर (17) में पात्र मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक घर से मतदान किया। होम वोटिंग के तहत गठित मतदान दलों ने गोपनीयता के साथ मतदान करवाया।
चौहटन विधानसभा क्षेत्र में 95 वर्षीय महिला मतदाता पेम्पा देवी ने होम वोटिंग के माध्यम से अपना मत डालकर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाई। उन्होनें वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम वोटिंग के प्रावधान को प्रशंसनीय बताया। चौहटन विधानसभा क्षेत्र के ही बाछड़ाऊ की वरिष्ठ मतदाता 85 वर्षीय चंपा देवी ने बुजुर्ग मतदाताओं को घर से वोट देने की सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु निर्वाचन आयोग की सराहना की। धनाऊ के 87 वर्षीय विंजाराम ने होम वोटिंग के माध्यम से अपने मताधिकार का उपयोग किया एवं समस्त मतदाताओं को मतदान करने की अपील की। होम वोटिंग के तहत संसदीय क्षेत्र बाड़मेर के दिव्यांग मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक घर बैठे मतदान किया।
*होम वोटिंग का लगभग 64 प्रतिशत कार्य पूर्ण*
लोक सभा आम चुनाव के तहत संसदीय क्षेत्र बाड़मेर में होम वोटिंग का लगभग 64 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने बताया कि अब तक होम वोटिंग हेतु पात्र मतदाताओं में से आधे से ज्यादा मतदाता घर बैठे ही मतदान कर चुके हैं। बाड़मेर संसदीय क्षेत्र में कुल 5 हजार 135 मतदाता होम वोटिंग के लिए चिन्हित किए गए हैं। इनमें से मंगलवार को 1 हज़ार 46 मतदाताओं ने वोट डाले। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग की गाइडलाइन के अनुसार होम वोटिंग श्रेणी के लिए 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाता तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता पात्रता रखते हैं।
*मतदान कार्मिकों के लिए पोस्टल बैलेट जारी*
डाक मतपत्र प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी धीरेन्द्रसिंह सोनी ने बताया कि मतदान में नियोजित कार्मिकों के लिए पोस्टल बैलट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया जारी है। राजकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में स्थापित सुविधा केंद्र में मंगलवार को 279 मतदान कार्मिकों ने अपना मत डाला। साथ ही 791 कार्मिकों को निर्वाचन प्रमाण पत्र ज़ारी किए गए। ये कार्मिक मतदान के दिन बाड़मेर संसदीय क्षेत्र में अपनी नियुक्ति वाले स्थान से ही मतदान कर सकेगें। मतदान कार्मिकों के मतदान की प्रक्रिया 25 अप्रैल तक चलेगी।

Subscribe to my channel


