उत्तराखंडखेलदेशब्रेकिंग न्यूज़

कैप्टन आशीष साह टेनिस टूर्नामेंट 2026 (कुमाऊँ कप) का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक नैनीताल में

Captain Ashish Shah Tennis Tournament 2026 (Kumaon Cup) to be held from October 30 to November 1 in Nainital

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल

नैनीताल। पूर्व वर्षों की भाँति इस वर्ष भी कैप्टन आशीष साह टेनिस टूर्नामेंट 2026 (कुमाऊँ कप) का आयोजन 30 एवं 31 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को न्यू क्लब, नैनीताल के ग्रेविल कोर्ट पर किया जाएगा। टूर्नामेंट के सचिव अमर जगाती ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुमाऊँ क्षेत्र का कोई भी निवासी टेनिस खिलाड़ी भाग ले सकता है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए पाँच आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं—30 वर्ष तक (मेंस ओपन), 30 से 40 वर्ष, 40 से 50 वर्ष, 50 से 60 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक। प्रत्येक खिलाड़ी सिंगल्स एवं डबल्स, दोनों स्पर्धाओं में भाग ले सकता है।

उन्होंने आगे बताया कि कुमाऊँ क्षेत्र के अंतर्गत पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल तथा ऊधम सिंह नगर जनपदों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं।

प्रतियोगिता के प्रवेश शुल्क में खिलाड़ियों के रहने एवं खाने की व्यवस्था भी शामिल है। खिलाड़ियों को चाय, नाश्ता, दोपहर का भोजन, हाई टी एवं स्नैक्स उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, खिलाड़ियों के सम्मान में एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन भी किया जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए प्रविष्टि की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इस तिथि के बाद किसी भी खिलाड़ी की प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी।

टूर्नामेंट के समन्वयक वीरेंद्र साह ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। दोनों ग्रेविल कोर्ट की फ्लडलाइट्स की मरम्मत कराई जा रही है। साथ ही, कोर्ट की सतह को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव एवं रोलिंग कराई जा रही है, ताकि खिलाड़ियों को अच्छी खेल परिस्थितियों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का अवसर मिल सके।

डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन, नैनीताल के अध्यक्ष डॉ. समीर वर्मा, सचिव हेम कुमार पांडेय एवं कोषाध्यक्ष रजत कुमार सती ने प्रतियोगिता के आयोजकों को शुभकामनाएँ दी हैं तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

उल्लेखनीय है कि न्यू क्लब, नैनीताल शहर के प्राचीन एवं प्रतिष्ठित क्लबों में से एक है, जो नंदा देवी मंदिर के समीप स्थित है। वर्तमान में क्लब के सचिव रितेश साह हैं।

Anita Pal

Related Articles

Back to top button