उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखनऊ
पुरानी पेंशन बहाली सहित 11 सूत्रीय मांगों को लेकर 25 नवंबर को लखनऊ में प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन
राज्य स्वायत्त शासन कर्मचारी परिषद उत्तर प्रदेश ने भरी हुंकार, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील अमर टैगोर ने कर्मचारियों से की एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
लखनऊ, उत्तर प्रदेश। राज्य स्वायत्त शासन कर्मचारी परिषद उत्तर प्रदेश के बैनर तले कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं अधिकारों को लेकर आगामी 25 नवंबर 2026 को राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में विशाल प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन के माध्यम से पुरानी पेंशन योजना की बहाली, वेतन संबंधी अनियमितताओं को दूर करने और आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने सहित कुल 11 सूत्रीय कर्मचारी हितैषी मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य स्वायत्त शासन कर्मचारी परिषद उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील अमर टैगोर ने प्रदेश की समस्त स्थानीय निकायों, नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में कार्यरत कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी साथी 25 नवंबर को प्रातः 11 बजे तक लखनऊ स्थित ईको गार्डन धरना स्थल पर पहुंचकर अपने हक और अधिकारों की आवाज बुलंद करें।
कर्मचारियों की एकजुटता ही संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत : सुनील अमर टैगोर
प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील अमर टैगोर ने कहा कि कर्मचारियों का संख्या बल और उनकी एकजुटता ही उनका सबसे बड़ा शस्त्र है। जब प्रदेशभर के कर्मचारी एक मंच पर एकत्रित होकर अपनी जायज मांगों के समर्थन में आवाज उठाएंगे, तभी शासन-प्रशासन तक उनकी समस्याओं की गूंज प्रभावी ढंग से पहुंचेगी।
उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान करते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल मांगों को मनवाने का नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और भविष्य की सुरक्षा का भी है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इस प्रदेश स्तरीय आंदोलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
संघर्ष के नारों के साथ आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान
सुनील अमर टैगोर ने कर्मचारी साथियों में उत्साह भरते हुए कहा—
“आवाज दो, हम एक हैं।”
“अभी तो ली अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है।”
“हर जोर-जुल्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है।”
“संघर्ष के साथी जिंदाबाद, इंकलाब जिंदाबाद।”
उन्होंने प्रदेशभर के निकाय कर्मचारियों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और 25 नवंबर के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
परिषद की ओर से स्पष्ट किया गया कि कर्मचारियों की 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आयोजित होने वाला यह प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन कर्मचारी हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए सामूहिक आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Subscribe to my channel


