जयपुरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को ‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’ का आमंत्रण, खेलों में करियर की संभावनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

20 दिसंबर को बीकानेर में होगा राष्ट्रीय खेल करियर जागरूकता एवं प्रतिभा विकास कार्यक्रम, दिया कुमारी को मुख्य अतिथि के रूप में किया आमंत्रित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

जयपुर। राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने और युवाओं के लिए खेलों में करियर के नए अवसरों के द्वार खोलने की दिशा में दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन, बीकानेर एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। इसी क्रम में फाउंडेशन की निदेशक निशा लिम्बा एवं संस्थापक उमाशंकर लिम्बा ने बीकानेर के युवा पृथ्वी सिंह राठौड़ के साथ जयपुर में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें आगामी ‘उड़ान–फिट इंडिया 2026’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

इस दौरान निदेशक निशा लिम्बा ने 20 दिसंबर 2026 को महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर के संत मीरा बाई सभागार में आयोजित होने वाले ‘उड़ान– फिट इंडिया | नेशनल स्पोर्ट्स करियर अवेयरनेस एंड टैलेंट डेवलपमेंट इनिशिएटिव ’ की विस्तृत रूपरेखा एवं उद्देश्यों से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। कार्यक्रम की थीम ‘मिशन प्ले टू प्रोफेशन–खेल से करियर तक’ निर्धारित की गई है।

मुलाकात के दौरान कार्यक्रम की अवधारणा, आयोजन की तैयारियों, अतिथियों की सहभागिता, मंचीय सत्रों एवं विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि इस राष्ट्रीय स्तर की पहल में ओलंपियन एवं पैरालंपियन खिलाड़ियों, अंतरराष्ट्रीय खेल हस्तियों, प्रतिष्ठित खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों, पोषण विशेषज्ञों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को खेलों में उपलब्ध शिक्षा, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति, रोजगार तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करियर की संभावनाओं से परिचित कराना है। इसके साथ ही खेल विज्ञान, फिटनेस, प्रतिभा विकास, बच्चों की सुरक्षा, सुरक्षित खेल वातावरण एवं खेलों में अनुशासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी को कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा 20 दिसंबर को बीकानेर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश करने का आश्वासन दिया।

निशा लिंबा ने बताया कि ‘उड़ान 2026’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राजस्थान की उभरती खेल प्रतिभाओं को पहचान, उचित मार्गदर्शन और नए अवसर उपलब्ध कराने का एक प्रयास है। फाउंडेशन का दीर्घकालीन विजन ‘मिशन 2036–खेल के मैदान से ओलंपिक पोडियम तक’ है, जिसके माध्यम से प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन की यह पहल खेल, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और प्रतिभा विकास को एक मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button