बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी आदि ठाणा-4 ने ओसवाल भवन से विहार कर वीर विला परिसर में किया प्रवास

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

जसोल, 25 नवंबर। आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी एवं आज्ञानुव्रती वरिष्ठ साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी आदि ठाणा-4 ने योगक्षेम वर्ष 2026 के चातुर्मास की परिसंपन्नता के पश्चात बुधवार को ओसवाल भवन जसोल से मंगल विहार किया। साध्वीवृंद ने प्रातः 8 बजे विहार कर स्थानीय आचार्य श्री महाश्रमण मार्ग स्थित वीर विला परिसर में ढेलड़िया परिवार के निवास स्थल पर मंगल प्रवेश कर प्रवास किया।

साध्वीवृंद में वरिष्ठ साध्वी श्री कुंदनप्रभाजी उदासर, सहवर्ती साध्वी श्री विद्युतप्रभाजी मोमासर, साध्वी श्री किरण यशाजी (कांता भांजी, उड़ीसा) एवं साध्वी श्री चारित्रप्रभाजी जसोल शामिल रहीं।

इस अवसर पर जसोल के सकल जैन समाज सहित ग्रामीणजनों ने उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ साध्वीवृंद का स्वागत किया। जयकारों और धार्मिक रैली के साथ श्रद्धालु साध्वीवृंद को उनके नए प्रवास स्थल तक लेकर पहुंचे। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

वीर विला परिसर में साध्वीवृंद के स्वागत के लिए ढेलड़िया परिवार की 75 वर्षीय श्रीमती रेशमी देवी भंवरलालजी ढेलड़िया पहले से ही प्रतीक्षारत थीं। उन्होंने पारंपरिक बधावा गीत (ढाल) गाकर साध्वीवृंद की भावपूर्ण अगवानी की। उनके इस मंगल स्वागत की उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने ‘ॐ अर्हम्’ के जयघोष के साथ अनुमोदना की।

साध्वीवृंद का यह मंगल विहार चातुर्मास की आध्यात्मिक साधना के पश्चात आगे की धर्मयात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। इस दौरान जैन समाज एवं ग्रामीणजनों में विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिली।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button