जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़
पुंछ में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाने पर दो मोटरसाइकिलें जब्त
हॉर्टिकल्चर चौक पर पुलिस ने की कार्रवाई, बिना नंबर प्लेट के दौड़ रही थीं दोनों बाइक

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार | पुंछ।
पुंछ में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले बाइक सवारों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को हॉर्टिकल्चर चौक पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये दोनों मोटरसाइकिलें पिछले कई दिनों से बाजार क्षेत्र में कथित तौर पर स्टंटबाजी और तेज रफ्तार से लापरवाहीपूर्वक चलाई जा रही थीं। इससे बाजार में आने-जाने वाले राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक पुलिस की टीम ने शनिवार को हॉर्टिकल्चर चौक पर दोनों मोटरसाइकिलों को रोककर जब्त कर लिया। जांच के दौरान दोनों वाहनों पर नंबर प्लेट भी नहीं पाई गई।
यह कार्रवाई SO ट्रैफिक मारूफ अहमद की निगरानी में तथा DTI पुंछ मंजूर कोहली के नेतृत्व में की गई।
ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले बाइक चालकों को कड़ा संदेश मिला है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंटबाजी से बचें तथा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Subscribe to my channel


