देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
मधुमेह से बचाव के लिए नियमित जांच, संतुलित खानपान और व्यायाम जरूरी : डॉ. पुनीत शिवनानी
विश्व मधुमेह दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम एवं शुगर जांच शिविर आयोजित

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर शहर के निहाल क्लिनिक गौर का चौक बालोतरा में मधुमेह जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों ने मधुमेह रोग के बढ़ते प्रभाव, बचाव, समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मथुरादास माथुर (एमडीएम)
अस्पताल जोधपुर के एंडोक्रिनोलॉजी विभाग सहायक आचार्य
डॉ. पुनीत शिवनानी, एमडी (मेडिसिन), डीएम (एंडोक्रिनोलॉजी ने अपने संबोधन में कहा कि मधुमेह आज तेजी से बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों में शामिल है। इससे बचाव के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान, वजन पर नियंत्रण और समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मधुमेह होने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि नियमित जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उचित जीवनशैली अपनाकर इसे नियंत्रित रखा जा सकता है। उन्होंने मधुमेह के शुरुआती लक्षणों को पहचानने और समय रहते उपचार शुरू करने पर भी जोर दिया।उन्होंने बताया कि टाइप-2 डायबिटीज का प्रमुख संबंध मोटापा, शारीरिक निष्क्रियता, असंतुलित खानपान और पारिवारिक इतिहास से हो सकता है। ऐसे में लोगों को अपनी दिनचर्या में सुधार करना चाहिए। प्रतिदिन नियमित रूप से पैदल चलना, योग एवं व्यायाम करना, भोजन में हरी सब्जियों और फाइबरयुक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना तथा मीठे और अत्यधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करना जरूरी है।उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कई बार मधुमेह के शुरुआती दौर में कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते। बार-बार प्यास लगना, अधिक पेशाब आना, अत्यधिक भूख लगना, थकान महसूस होना और बिना कारण वजन कम होना इसके प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर शुगर की जांच करवानी चाहिए।
डॉ. संतोष सिंह शिवनानी ने भी अपने संबोधन में मधुमेह के प्रति जागरूकता को आवश्यक बताते हुए कहा कि बदलती दिनचर्या, खानपान की आदतें और शारीरिक श्रम की कमी के कारण मधुमेह का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने आमजन से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित शुगर जांच शिविर में लोगों की ब्लड शुगर की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा आवश्यक अनुसार मरीज़ो को शुगर जांच मशीन(ग्लूकोमीटर)भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में समाजसेवी ओमप्रकाश बांठिया ने अपने संबोधन में चिकित्सा विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि मधुमेह जैसी बीमारियों के प्रति आमजन को जागरूक करना और समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना सराहनीय पहल है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग देने वाले चिकित्सकों, आयोजकों एवं उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।अंत में सभी ने नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।इस दौरान कान्तिलाल मेहता,गोपाल सिंह राजपुरोहित, लैब टेक्नीशियन वर्गीस सहित अनेको लोग मौजूद थे।

Subscribe to my channel


