उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
जनगणना-2027: स्वगणना अभियान को लेकर अधिवक्ताओं को दी गई जानकारी, 16 नवंबर से शुरू होगी प्रक्रिया

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत आगामी 16 नवंबर से प्रारंभ होने वाले स्वगणना अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिवक्ताओं को स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने की।
कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंत्री सहित उपस्थित अधिवक्ताओं को मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं स्वगणना करने की प्रक्रिया समझाई गई। उन्हें बताया गया कि स्वगणना के जरिए प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जनगणना विवरण ऑनलाइन स्वयं दर्ज कर सकता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे सबसे पहले स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूरी करें और अपने परिवार, परिचितों तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है।
उन्होंने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं को पूरी प्रक्रिया सरल एवं सुगम तरीके से समझाई गई तथा अभियान की सफलता के लिए सहयोग की अपेक्षा की गई।
इस दौरान बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


