उत्तराखंडब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिरूद्रपुर

स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर ने रचा इतिहास, हिमालयी राज्यों में बना नंबर वन,राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त को सौंपा राष्ट्रीय पुरस्कार, – स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हासिल की प्रथम रैंक

Rudrapur created history in the field of cleanliness, becoming number one among the Himalayan states. President Draupadi Murmu presented the National Award to Mayor Vikas Sharma and the Municipal Commissioner at Vigyan Bhawan. - Achieved first rank in the Clean Himalayan City category in the Swachh Survekshan 2025-26.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल

रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर शहर का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत रुद्रपुर नगर निगम को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

इस उपलब्धि के साथ रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने प्राप्त किया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस गौरवपूर्ण समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय सचिव सत्येंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव दीपा धारा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करना रुद्रपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस उपलब्धि की विशेष बात यह है कि स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों का मूल्यांकन केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई तक सीमित नहीं रहता, बल्कि संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सहभागिता और सफाई व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को भी परखा जाता है।

क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में रुद्रपुर को मिली प्रथम रैंक इस बात का प्रमाण है कि शहर में स्वच्छता को एक व्यापक व्यवस्था के रूप में आगे बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं। इसके अंतर्गत घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण एवं निस्तारण तथा खुले में कूड़ा डालने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मानकों का मूल्यांकन किया जाता है।

इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, सामुदायिक क्षेत्रों और अन्य प्रमुख स्थानों की स्वच्छता, नागरिकों की सहभागिता, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण को भी विशेष महत्व दिया जाता है। नगर निगम की ओर से किए गए कार्यों के दस्तावेजीकरण, अभिलेखों और जमीनी स्तर पर उनके सत्यापन के आधार पर भी मूल्यांकन किया जाता है।

इस प्रकार रुद्रपुर को प्राप्त यह सम्मान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए गए विभिन्न स्तरों के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद महापौर विकास शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमालयी राज्यों में रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार मिलना केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे शहर और उत्तराखंड प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह सम्मान उन सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में अपना योगदान दिया है।

महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग अथवा व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण के साथ ही नागरिकों का सहयोग इस तरह की उपलब्धियों का आधार बनता है।

महापौर ने कहा कि पिछली बार नगर निगम रुद्रपुर ने राष्ट्रीय स्तर पर 467 वी रैंक से छलांग लगाकर 169 वीं रैंक हासिल की थी। इस बार हिमालय राज्यों में प्रथम रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान से नगर निगम की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को बनाए रखने के साथ ही स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर काम किया जाएगा। शहर के प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रयासों को और गति दी जाएगी।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास और स्वच्छता व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में जो कार्य हो रहे हैं, उनसे नगर निगम को भी नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में मिली यह राष्ट्रीय पहचान एक नई शुरुआत है। लक्ष्य केवल पुरस्कार प्राप्त करना नहीं, बल्कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत बनाना, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर के रूप में स्थापित करना है।

राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान रुद्रपुर के लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शहरवासियों के सामूहिक प्रयास, सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और स्वच्छ शहर के संकल्प की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल कर रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई है।

Anita Pal

Related Articles

Back to top button