उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गार
बस्ती के 14 नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को मिला नियुक्ति पत्र, 195 लाभार्थियों के खातों में पहुंचे 9.67 करोड़ रुपये

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 11 नवंबर 2026।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसी क्रम में जनपद बस्ती के 14 नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 4,300 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत कुल 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी वितरित की। इसके तहत जनपद बस्ती के 195 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 9 करोड़ 67 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन अंतरित की गई।
जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में एनआईसी बस्ती में लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। इस दौरान श्रीमती आशा, श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती मंजू यादव, श्रीमती ज्ञानमती, श्रीमती निधि दुबे एवं श्रीमती गीता देवी को गो सेवा उपाध्यक्ष महेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक हर्रैया के प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, विधायक कप्तानगंज के प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर तथा एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने संयुक्त रूप से प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर सांख्यिकीय अधिकारी अजय कुमार चौधरी तथा नायब तहसीलदार बस्ती सदर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के माध्यम से जहां जनपद के 14 युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति का अवसर मिला, वहीं 195 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।

Subscribe to my channel


