महापौर दीपक बाली ने पूजा-अर्चना कर किया मां मंसा देवी की भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ, पुष्पवर्षा से गूंजा काशीपुर
Mayor Deepak Bali inaugurated the grand procession of Maa Mansa Devi by offering prayers, Kashipur reverberated with a shower of flowers.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
काशीपुर। धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास के वातावरण में काशीपुर में आज उत्तर भारत की ऐतिहासिक एवं भव्य मां मंसा देवी शोभायात्रा निकाली गई । शहर के महापौर दीपक बाली ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा वातावरण मां मंसा देवी के जयकारों से भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में शामिल दर्जनों आकर्षक धार्मिक झांकियों ने शहरवासियों को आस्था और श्रद्धा के रंग में सराबोर कर दिया।

शोभायात्रा का शुभारंभ मौहल्ला लाहौरियान स्थित मां मंसा देवी मंदिर से हुआ। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद महापौर दीपक बाली ने शोभायात्रा को रवाना कर नगर व क्षेत्र की जनता के खुशहाल जीवन की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मां मंसा देवी के प्रति श्रद्धा और भक्ति का भाव लिए बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा में शामिल हुए और माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होकर गुजरी। शोभायात्रा में शामिल भव्य एवं आकर्षक धार्मिक झांकियां लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। झांकियों के माध्यम से धार्मिक और पौराणिक प्रसंगों को दर्शाया गया, जिन्हें देखने के लिए बाजारों और मार्गों के किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही। मां मंसा देवी के जयकारों और भक्तिमय माहौल ने पूरे शहर को धार्मिक रंग में रंग दिया।

शोभायात्रा के नगर के मुख्य बाजार में पहुंचने पर श्रद्धालुओं, व्यापारियों तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। लोगों ने मां मंसा देवी की झांकियों के समक्ष शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली की कामना की। जगह-जगह श्रद्धालुओं की ओर से किए गए स्वागत ने शोभायात्रा की भव्यता और धार्मिक उत्साह को और बढ़ा दिया।

मां मंसा देवी की शोभायात्रा काशीपुर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है और पूरे वर्ष नगर व क्षेत्र वासियों को इस यात्रा का इंतजार रहता है। इस यात्रा का शुभारंभ 1975 में स्वर्गीय मास्टर रमेश चंद्र खुट्टू ने किया था।आज निकली भव्य शोभायात्रा ने एक बार फिर शहर की धार्मिक चेतना और मां मंसा देवी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था को प्रदर्शित किया।

यात्रा के दौरान मां मनसा देवी का डोला चामुंडा मंदिर भी जाता है जहां दोनों बहनों का मिलन होता है।उद्घाटन अवसर पर पूर्व मेयर उषा चौधरी आशीष शर्मा खुट्टू मुकेश पाहवा मुकेश कुमार दीपक शर्मा काजल शर्मा स्नेहा शर्मा अनुज शर्मा कौशल्या देवी शर्मा आलोक कुमार गुड्डू सहित नगर व क्षेत्र के सैकड़ो भक्त जन मौजूद रहे। समाचार लिखे जाने तक शोभायात्रा मुख्य बाजार से होकर गुजर रही थी जो अर्धरात्रि के भी बाद मां मनसा देवी मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी।
Subscribe to my channel


