धर्मबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
मोदी भवन में गरबा-डांडिया महोत्सव का जोरदार आगाज़, समाजबंधुओं ने उत्साह से लिया भाग
मास्टर नानू के डांडिया ने दोगुना किया उत्साह, पार्षद शुभकरण भाई ने दिया माता-पिता की सेवा का संदेश

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 17 अक्टूबर 2026। श्री खत्री मोदी समाज सार्वजनिक प्रन्यास, बीकानेर की ओर से मोदी भवन में आयोजित गरबा एवं डांडिया महोत्सव का आगाज गणेश जी, दरियादेव जी और मां अंबे की आरती के साथ हुआ। कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले पिछले नवरात्र से अब तक समाज में दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में समाज के बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, माताओं, बहनों और भाइयों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर उत्सव का भरपूर आनंद लिया। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक गरबा, डांडिया की थाप और उमंग से पूरा मोदी भवन उत्सवमय हो उठा। कार्यक्रम रात करीब साढ़े 11 बजे तक चला और लगभग साढ़े चार घंटे तक सभी में उत्साह का माहौल बना रहा। इस दौरान समाज के सभी गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जैसे-जैसे गरबा और डांडिया की लय तेज होती गई, वैसे-वैसे लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया। मास्टर नानू ने अपने अनोखे अंदाज़ में संगीत में प्रस्तुति कर डांडिया के माहौल में चार- चांद लगाकर माहौल में ऐसा जोश भरा कि उपस्थित लोग भी झूमने लगे। उनकी प्रस्तुति ने महोत्सव के उत्साह को दोगुना कर दिया।
पार्षद शुभकरण भाई का आत्मीय स्वागत, माता-पिता की सेवा का दिया संदेश
महोत्सव में नवनिर्वाचित पार्षद शुभकरण भाई की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। समाजबंधुओं ने उनके साथ उत्साहपूर्वक सेल्फी खिंचवाई और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर शुभकरण भाई ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि माता-पिता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। उन्होंने बताया कि माता-पिता की सेवा और उनके आशीर्वाद से ही उन्हें लोगों का इतना प्यार, मान-सम्मान और विश्वास प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता से मिला यह स्नेह उनके लिए अनमोल है। उनके इस प्रेरणादायक संदेश ने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित किया।
प्रियंका मोदी एवं मोहिनी देवी मोदी ने दिया एकजुटता और समाजसेवा का संदेश
इस अवसर पर खाजूवाला से निर्वाचित पार्षद प्रियंका मोदी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए समाजबंधुओं को एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति आपसी प्रेम, सहयोग और भाईचारे में निहित है। उन्होंने सभी से समाजहित के कार्यों में मिल-जुलकर योगदान देने और सामाजिक विकास को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
अध्यक्ष श्याम मोदी ने की समाज की एकजुटता की अपील
समाज के अध्यक्ष श्याम मोदी ने सभी समाजबंधुओं से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि समाज की प्रगति और विकास के लिए आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब समाज के सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे, तभी समाज नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने सभी से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
गणमान्य बुजुर्गों ने दिया उत्साह और संस्कारों का संदेश
कार्यक्रम में समाज के गणमान्य बुजुर्गों ने भी सभी समाजबंधुओं को आत्मीयता से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और उमंग के साथ सभी लोग मां दुर्गा की भक्ति में गरबा और डांडिया कर रहे हैं, उसी जोश और सकारात्मक ऊर्जा के साथ जीवन में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाजबंधुओं से आह्वान किया कि वे इसी उत्साह को बनाए रखते हुए समाज की एकता, संस्कारों और विकास के कार्यों में सक्रिय सहयोग करें।
लकी ड्रॉ और 30 पुरस्कारों ने बढ़ाया रोमांच
महोत्सव को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए बड़े उपहारों के साथ लकी ड्रॉ का आयोजन रखा गया, जिसमें 10 बड़े गिफ्ट हैम्पर शामिल थे। इसके अतिरिक्त लगभग 30 विभिन्न पुरस्कारों की व्यवस्था की गई। इनमें बेस्ट डांडिया, बेस्ट कपल, बेस्ट ड्रेस और अन्य आकर्षक श्रेणियों के पुरस्कार शामिल रहे। इन पुरस्कारों को लेकर प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मनीष खत्री के मंच संचालन ने बांधा समां
कार्यक्रम का मंच संचालन मनीष खत्री ने अपने निराले, रोचक और प्रभावशाली अंदाज़ में किया। उनकी संवाद शैली, उत्साहपूर्ण प्रस्तुति और मनोरंजक टिप्पणियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उन्होंने मंच से उपस्थित लोगों का उत्साह लगातार बढ़ाए रखा और कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।
गरबा एवं डांडिया महोत्सव ने न केवल समाजबंधुओं को एक साथ आनंद मनाने का अवसर दिया, बल्कि आपसी मेल-मिलाप, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और भाईचारे का सुंदर संगम देखने को मिला।

Subscribe to my channel


