खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पंचायत समिति मुंडावर के मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 16 अक्टूबर। पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने शुक्रवार को पंचायत समिति मुंडावर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मुंडावर क्षेत्र कि ग्राम पंचायत खानपुर अहीर, सिहाली खुर्द, बासनी, दरबारपुर, अजरका, पलावा एवं भोजपुरी के राजकीय विद्यालयों में स्थित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाताओं की संख्या, मतदान केन्द्रों की स्थिति एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने मतदान कक्षों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त लाइट लगवाने तथा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पेयजल, विद्युत, रैम्प एवं शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कक्षा की पुस्तकों से प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर का जायजा लिया। साथ ही विद्यालय कार्मिकों से शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी मुंडावर ऐश्वर्यम प्रजापति, विकास अधिकारी संजय यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


