बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

अवैध खनन के पत्थर डालकर सोसायटी का रास्ता किया जाम, दिनभर चला हाईवोल्टेज ड्रामा

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

भिवाड़ी। कोस्मोस सोसायटी के मुख्य रास्ते पर बुधवार रात करीब तीन बजे अवैध खनन से निकाले गए पत्थर डालकर रास्ता जाम कर दिया गया। रास्ते में पत्थरों का ढेर लगने से सोसायटीवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे दिन चले विवाद के बाद प्रशासन की कार्रवाई से शाम को रास्ता खुल सका।

कोस्मोस सोसायटी के महेंद्र यादव ने बताया कि जिस जमीन पर रास्ता बनाया गया है, उसे कन्वर्ट कराकर सरकार को रास्ते के लिए दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरेंद्र नाम के व्यक्ति का बिल्डर से किसी अन्य स्थान को लेकर विवाद चल रहा है और इसी विवाद के चलते रास्ते पर पत्थर डालकर उसे बंद किया गया।

उन्होंने बताया कि रात करीब तीन बजे अवैध खनन से निकाली गई करीब 20-30 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में पत्थर लाकर रास्ते के बीच डाल दिए गए। दो जेसीबी से पत्थर हटाने के बजाय रास्ते पर ढेर लगा दिया गया। सिक्योरिटी गार्ड मदन ने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उसका मोबाइल छीनकर मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसने सुपरवाइजर को सूचना दी और पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।

सूचना पर स्थानीय पार्षद जगपाल ने भी सोसायटीवासियों का सहयोग किया। मामले की जानकारी खैरथल-तिजारा कलेक्टर अतुल प्रकाश तक पहुंची। उन्होंने टपूकड़ा एसडीएम कृष्ण यादव को मौके पर भेजा। निरीक्षण के दौरान रास्ते के बीच पत्थरों का बड़ा ढेर मिला। इसके बाद टपूकड़ा तहसीलदार, पटवारी और अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पत्थरों का खसरा नंबर जांचा, जो गलत पाया गया।

प्रशासन के निर्देश पर जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से करीब दो घंटे में रास्ते से पत्थर हटवाए गए। रास्ता खुलने के बाद सोसायटीवासियों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई बार रास्ता रोकने की घटनाएं हो चुकी हैं।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button