बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

कोटगेट के 300 मीटर दायरे में आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस पर रोक की मांग, व्यापार मंडल ने कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर। कोटगेट व्यापार मंडल बीकानेर ने कोटगेट क्षेत्र के आसपास आतिशबाजी की दुकानों के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी नहीं करने की मांग की है। इस संबंध में व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय कोचर ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कोटगेट से कम से कम 300 मीटर के दायरे में आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस नहीं देने की मांग की।

व्यापार मंडल के अनुसार, कोटगेट बीकानेर का प्रमुख और अत्यधिक भीड़भाड़ वाला बाजार है। त्योहारों के दौरान यहां खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में आतिशबाजी की दुकानों के कारण आगजनी की स्थिति उत्पन्न होने पर बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में कोटगेट के बिल्कुल नजदीक एक पंसारी की दुकान में आग लगने की घटना हुई। व्यापार मंडल का कहना है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भीड़भाड़ वाले क्षेत्र को देखते हुए ऐसी घटनाएं भविष्य में गंभीर रूप ले सकती हैं।

व्यापार मंडल ने पूर्व में कोटगेट के नजदीक आतिशबाजी की दुकान में आग लगने की घटना का भी हवाला दिया, जिसमें जनहानि होने की बात कही गई है। संगठन का कहना है कि दीपावली के दौरान कोटगेट क्षेत्र में भारी भीड़ रहती है और संकरी व व्यस्त सड़कों के कारण अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है।

ज्ञापन में पिछले वर्ष सादुल स्कूल के सामने रामपुरिया कटला के गेट पर लगभग तीन फीट चौड़ी दुकान में आतिशबाजी की दुकान लगाए जाने का भी उल्लेख किया गया। व्यापार मंडल के अनुसार, कटले के अंदर कपड़े, प्लास्टिक सहित कई ज्वलनशील सामग्री की दुकानें हैं। संगठन ने ऐसे स्थानों पर आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों को लाइसेंस दिए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए प्रशासन से सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच की मांग की।

व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि कोटगेट से कम से कम 300 मीटर के दायरे में आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों के लाइसेंस जारी नहीं किए जाएं तथा भीड़भाड़ वाले बाजारों और ज्वलनशील सामग्री वाले परिसरों में आतिशबाजी की बिक्री की अनुमति देने से पहले सुरक्षा व्यवस्था का गंभीरता से आकलन किया जाए।

अध्यक्ष विजय कोचर ने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य किसी के व्यापार को प्रभावित करना नहीं, बल्कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों, दुकानदारों और बाजार में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्रशासन से संभावित अग्निकांड और जन-धन की हानि को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button