उत्तर प्रदेशखेलबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में जनपद स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता संपन्न, विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 31 अगस्त 2026। जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को श्री शिव मोहर नाथ पांडेय जनता इंटर कॉलेज, नगर बाजार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजित राम वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में आयोजक विद्यालय के साथ ही झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज, कलवारी, श्री कृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज, बस्ती सहित विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का संचालन शारीरिक शिक्षा शिक्षकों माता प्रसाद त्रिपाठी, अजय कुमार वर्मा, कुंवर विकास सिंह, अरुण कुमार, धनंजय दुबे एवं सुभाष यादव ने किया।
शतरंज प्रतियोगिता के परिणाम
सीनियर बालक वर्ग में झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज, कलवारी के रवि अग्रहरि ने प्रथम स्थान हासिल कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। करन कुमार उपविजेता रहे।
जूनियर बालक वर्ग में झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज, कलवारी के अंश अग्रहरि विजेता बने। बाबू अनमोल ने द्वितीय और हिमांशु ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सब-जूनियर बालक वर्ग में श्री कृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज, बस्ती के तनिष्क ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्री शिव मोहर नाथ पांडेय जनता इंटर कॉलेज, नगर बाजार के हिमांशु उपविजेता रहे।
वहीं सीनियर बालिका वर्ग में आयोजक विद्यालय की प्रतिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि काजल उपविजेता रहीं। जूनियर बालिका वर्ग में कोमल ने प्रथम और चांदनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सभी विजयी खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक धनंजय दुबे ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षक कृष्ण कन्हैया वर्मा, सुरेंद्र कुमार भारती, राजकुमार, डॉ. गरिमा वर्मा, राजित राम वर्मा, कंचन वर्मा, शांति देवी, नित्यानंद, विद्याधर, दिव्या एवं राजेश कुमार का सराहनीय योगदान रहा।
हॉकी प्रतियोगिता में आयोजक विद्यालय को वॉकओवर, विजेता घोषित
इसी क्रम में श्री हंसराज लाल इंटर कॉलेज, गणेशपुर में जनपद स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में केवल आयोजक विद्यालय की टीम ही उपस्थित हुई। अन्य टीमों के प्रतिभाग करने के लिए उपस्थित नहीं होने के कारण आयोजक विद्यालय की टीम को वॉकओवर देते हुए विजेता घोषित किया गया।
समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्रनाथ मिश्र ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षा शिक्षक सुशील चौधरी, विवेक श्रीवास्तव एवं रमेश चंद्र गुप्ता सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

Subscribe to my channel


