बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराजस्थान
गंगाशहर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सहित 30 पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा दिया
टिकट वितरण में अनदेखी और गोपनीय रिपोर्ट लीक होने का लगाया आरोप, जिला नेतृत्व पर उठाए सवाल

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। गंगाशहर कांग्रेस मंडल में टिकट वितरण को लेकर असंतोष खुलकर सामने आ गया है। गंगाशहर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष निर्मल बिश्नोई सहित मंडल कार्यकारिणी के 30 पदाधिकारियों ने अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भेज दिया है।
इस्तीफा पत्र में मंडल अध्यक्ष निर्मल बिश्नोई ने आरोप लगाया कि मंडल की ओर से आगामी निकाय चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के संबंध में ‘जिताऊ एवं टिकाऊ’ आधार पर एक गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल को सौंपी गई थी। आरोप है कि यह गोपनीय रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई और संबंधित प्रत्याशियों को रिपोर्ट की फोटो भेज दी गई। इससे मंडल पदाधिकारियों के प्रति कई दावेदारों में नाराजगी पैदा हुई।
निर्मल बिश्नोई ने कहा कि टिकट वितरण में कथित रूप से गलत लोगों को प्राथमिकता दिए जाने से पार्टी के समर्पित एवं जिताऊ कार्यकर्ताओं में निराशा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े होकर भाजपा को मजबूत करने का काम कर रहे हैं, जिससे बीकानेर में कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है।
इस्तीफा पत्र में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं होने से वे स्वयं को असहज महसूस कर रहे हैं। इसी कारण गंगाशहर मंडल अध्यक्ष सहित 30 पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
मंडल अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व से उनके एवं सभी 30 पदाधिकारियों के इस्तीफे तत्काल प्रभाव से स्वीकार करने तथा बीकानेर में कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति पर तत्काल ध्यान देने का आग्रह किया है।
इस्तीफा पत्र के साथ मंडल द्वारा तैयार की गई ‘जिताऊ-टिकाऊ’ रिपोर्ट की प्रति तथा सामूहिक इस्तीफा देने वाले 30 पदाधिकारियों के नाम एवं हस्ताक्षर की सूची भी संलग्न की गई है।
प्रतिलिपि: जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत को भी सूचना हेतु भेजी गई है।

Subscribe to my channel


