बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

पांचू पुलिस थाने में आयोजित हुआ “रक्षा का वचन” कार्यक्रम

बालिकाओं व महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, पुलिस ने सुरक्षा व साइबर जागरूकता का दिया संदेश

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर, 28 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय, विश्वास एवं आत्मीयता स्थापित करने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं में पुलिस के प्रति सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा चलाए जा रहे “रक्षा का वचन” कार्यक्रम के तहत पांचू पुलिस थाने में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज श्री ओमप्रकाश आईपीएस एवं पुलिस अधीक्षक बीकानेर श्री मृदुल कच्छावा आईपीएस के मार्गदर्शन में 27 अगस्त को राजकीय उच्च माध्यमिक संस्थान, पांचू के विद्यार्थियों को थाना भ्रमण करवाया गया तथा “रक्षा का वचन” कार्यक्रम के तहत बालिकाओं से पुलिसकर्मियों को राखी बंधवाई गई।

वहीं, 28 अगस्त को ग्राम पांचू की निवासी बालिकाएं एवं महिलाएं अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचीं, जहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, साइबर सुरक्षा तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सहायता एवं सेवाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में सोशल मीडिया के सदुपयोग एवं दुरुपयोग सहित जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से बेझिझक संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में थानाधिकारी श्री ईश्वर प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक श्री संतोष नाथ, थाना स्टाफ तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनीष व्यास सहित स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।

 

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button