स्वाधीनता दिवस प्रतियोगिता 2026 का आयोजन ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी, चूनाखान में होगा
The Independence Day Tournament 2026 will be held at Optimum Tennis Academy, Chunakhan.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल
नैनीताल…जिला टेनिस एसोसिएशन (डीटीए), नैनीताल द्वारा आयोजित पांचवीं स्वतंत्रता दिवस टेनिस कप–2026 का आयोजन विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी, चूनाखान में 15 एवं 16 अगस्त(रिजर्वडे) 2026 को किया जाएगा।
इस संबंध में आज डीटीए, नैनीताल के पदाधिकारियों एवं ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी के निदेशक श्री डी.एस. रावत के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

डीटीए, नैनीताल के सचिव श्री हेम कुमार पांडेय ने बताया कि इस एक दिवसीय टीम टेनिस चैम्पियनशिप में कुल आठ टीमें भाग लेंगी, जिनमें नैनीताल सिटी येलो, नैनीताल सिटी ग्रीन, रामनगर, रुद्रपुर ए व बी, चूनाखान, हल्द्वानी रेड, हल्द्वानी ब्लू सहित अन्य आमंत्रित टीम शामिल होंगी।
प्रत्येक टीम में अधिकतम 6 खिलाड़ी तथा 3 डबल्स जोड़ियाँ होंगी। सभी टीमों को दो समूहों में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक समूह में चार-चार टीमें रहेंगी। प्रत्येक टीम को अपनी तीनों डबल्स जोड़ियों के नाम प्रतियोगिता प्रारम्भ होने से 5 दिन पूर्व भेजने होंगे। फाइनल में पहुँचने के बाद ही टीम अपनी तीनों जोड़ियों में आपसी परिवर्तन कर सकेगी।

टूर्नामेंट के सभी मैच सिंगल सेट (7 गेम्स टू विन) प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रत्येक गेम में थ्री-पॉइंट ड्यूस तथा 7 अंकों का टाई-ब्रेक (सेवन टू विन) लागू रहेगा। इसके अतिरिक्त, स्थानीय बिगिनर्स खिलाड़ियों के लिए सिंगल्स प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्थानीय क्षेत्र में टेनिस खेल का विकास करना, नए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक टेनिस की मुख्यधारा से जोड़ना है।
प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। साथ ही सभी खिलाड़ियों के लिए पेयजल, नाश्ता, लेमोनेड, दोपहर का भोजन एवं हाई-टी की व्यवस्था डीटीए, नैनीताल द्वारा की जाएगी।
डीटीए ने स्पष्ट किया है कि जिन खिलाड़ियों का नाम उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन, देहरादून की वेबसाइट utennisa.com पर पंजीकृत नहीं होगा, वे इस कुमाऊँ स्तरीय प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेंगे। जिन खिलाड़ियों का पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, वे utennisa.com पर निःशुल्क अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर खिलाड़ी डीटीए, नैनीताल से संपर्क कर सकते हैं।
ऑप्टिमम टेनिस एकेडमी के निदेशक श्री डी.एस. रावत ने बताया कि सितंबर माह में एकेडमी में आईटा अंडर-14 टूर्नामेंट तथा अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में वर्ल्ड टेनिस टूर्नामेंट,आइटीएफ एमटी200(सीनियर्स) का आयोजन किया जाएगा, जिसकी स्वीकृति पूर्व में ही प्राप्त हो चुकी है।
डीटीए, नैनीताल के कोषाध्यक्ष श्री रजत कुमार सती ने स्थानीय खिलाड़ियों से अनुरोध किया कि वे इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने खेल स्तर में सुधार का अवसर प्राप्त करें।
डीटीए के अनुसार, इंडिपेंडेस कप 2026 के टूर्नामेंट डायरेक्टर श्री विवेक अग्रवाल (निदेशक, केपीसीएल) होंगे, जबकि चीफ रेफरी श्री ललित मोहन जोशी होंगे। प्रतियोगिता के दौरान उत्पन्न किसी भी विवाद की स्थिति में ज्यूरी का निर्णय अंतिम एवं सभी टीमों तथा खिलाड़ियों के लिए मान्य होगा।
Subscribe to my channel


