बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
18–19 एवं 17–18 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 29 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 18–19 वर्ष एवं 17–18 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं का शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के समस्त राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, तकनीकी एवं चिकित्सा शिक्षण संस्थानों तथा छात्रावासों में विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी श्रीमती शैलजा पांडे ने आदेश जारी कर जिले के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान संचालित कर पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।इस अभियान का उद्देश्य पात्र युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकरण के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
श्रीमती पांडे ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 अक्टूबर को समस्त राजकीय महाविद्यालयों एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। 1 नवंबर को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित कर युवाओं का पंजीकरण किया जाएगा। 2 नवंबर को निजी महाविद्यालयों, बीएड महाविद्यालयों एवं डाइट, 3 नवंबर को कोचिंग संस्थानों तथा 4 नवंबर को आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज एवं कौशल विकास केंद्रों में विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं, 5 नवंबर को जिले के समस्त छात्रावासों में संपर्क कर पात्र विद्यार्थियों का मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
अभियान के सफल संचालन के लिए संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने यहां अध्ययनरत पात्र युवाओं की पहचान कर पंजीकरण की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही, निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आयोजित गतिविधियों की प्रगति रिपोर्ट एवं संबंधित प्रपत्रों को 5 नवंबर तक स्वीप प्रकोष्ठ की ई-मेल आईडी bikanersveep@gmail.com पर अनिवार्य रूप से भिजवाना सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त, 5 नवंबर को उपखंड एवं ब्लॉक स्तर पर निर्वाचन पंजीयन अधिकारियों तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में विशेष पंजीकरण शिविरों की समीक्षा करते हुए उनकी संक्षिप्त सूचना प्रेषित की जाएगी।
Subscribe to my channel


