उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त व डीआईजी ने भदेश्वरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 10 अगस्त 2026। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कर्ण मंदिर एवं श्री भदेश्वरनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने श्री भदेश्वरनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने फुटहिया, कप्तानगंज चौराहा सहित कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, यातायात सुचारु रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फुटहिया चौराहे पर मौजूद श्रद्धालुओं को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रसाद का वितरण भी किया। प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, राजेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


