उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
कांवड़ यात्रा को लेकर देर रात सड़कों पर उतरा प्रशासनिक अमला
मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम व एसपी ने भद्रेश्वरनाथ मंदिर सहित कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती 9 अगस्त 2026 (सू वि. )कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार देर रात प्रशासन एवं पुलिस के आला अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उप-महानिरीक्षक संजीव त्यागी , जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने फुटहिया चौराहा, प्रसिद्ध भद्रेश्वरनाथ मंदिर परिसर और मुख्य कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी सदर ने अम्बेडकर नगर सीमा से जुड़े संवेदनशील मार्गों का निरीक्षण किया। टीम ने कलवारी, टांडा, राम जानकी मार्ग, कप्तानगंज एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचकर रूट डायवर्जन, पुलिस पिकेट, यातायात प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की स्थिति परखी।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि डायवर्जन मार्गों पर पर्याप्त साइन बोर्ड लगाए जाएं और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों के साथ आम राहगीरों को भी परेशानी न हो। सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे अलर्ट मोड में रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Subscribe to my channel


