बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बीकानेर के उद्योगपति कन्हैयालाल मूंधड़ा बने समाजसेवा की मिसाल, 140 करोड़ रुपये से अधिक राशि समाजहित में समर्पित

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

बीकानेर। समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बीकानेर के उद्योगपति श्री कन्हैयालाल मूंधड़ा ने “पे बैक टू सोसायटी” की भावना को साकार करते हुए अपनी अर्जित संपत्ति का बड़ा हिस्सा समाज के विकास और कल्याण के लिए समर्पित किया है। शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में उनके योगदान ने उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना दिया है।

श्री कन्हैयालाल मूंधड़ा द्वारा बीकानेर में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अत्याधुनिक मेडिसिन विंग का निर्माण कराया गया है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल बीकानेर शहर के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के हजारों लोगों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। नापासर में सरकारी विद्यालय भवन, महाविद्यालय भवन एवं उसकी चारदीवारी का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा श्रीमती सीएम मूंधड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संस्कृत विद्यालय में एक अतिरिक्त तल का निर्माण भी कराया गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

स्वच्छ भारत अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए ट्रस्ट ने बड़ी संख्या में शौचालयों का निर्माण कराया है। वहीं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 20 बालिकाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। हाल ही में ट्रस्ट ने नापासर की एक मेधावी छात्रा की उच्च शिक्षा का संपूर्ण खर्च उठाने का भी निर्णय लिया है।

सामाजिक उत्थान के तहत ट्रस्ट द्वारा अब तक 22 जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्के मकानों का निर्माण भी कराया जा चुका है। ट्रस्ट मुख्य रूप से बीकानेर जिले में जनकल्याण के कार्य कर रहा है, जबकि कोलकाता, मुंबई और दिल्ली में भी शिक्षा, चिकित्सा तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक सामाजिक कार्य संपन्न किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रीमती सीएम मूंधड़ा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा अब तक लगभग 140 करोड़ रुपये विभिन्न सामाजिक और जनहितकारी कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। समाजसेवा के प्रति श्री कन्हैयालाल मूंधड़ा की यह सोच और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button