उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
बस्ती में विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाली

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 1 जुलाई 2026। जनपद बस्ती में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से शुभारंभ किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जबकि दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करेंगी।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने उपस्थित लोगों को बुखार के समुचित इलाज की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दिमागी बुखार जानलेवा साबित हो सकता है और इससे शारीरिक एवं मानसिक विकलांगता का खतरा भी रहता है। इसलिए किसी भी व्यक्ति, विशेषकर बच्चों को बुखार होने पर तुरंत निकटतम सरकारी अस्पताल में उपचार कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सीएचसी और पीएचसी पर बुखार के उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
उन्होंने लोगों से शौचालय का नियमित उपयोग करने, व्यक्तिगत एवं आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा बुखार से पीड़ित बच्चों के परिवारों को सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सभी ने अपने गांव, ब्लॉक, जनपद और प्रदेश को दिमागी बुखार मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ए.के. गुप्ता, एसीएमओ डॉ. ए.के. सिंह, सी.एम. मल्होत्रा, जिला मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र दूबे, मलेरिया इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, एलटी मनोज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


