उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षास्वास्थ्य
सुपोषित मिशन बस्ती के 12वें दिन पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 22 जून 2026। सुपोषित मिशन बस्ती के तहत 12वें दिन बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) विक्रमजोत बलराम सिंह ने ग्राम पंचायत बड़ौदा के रामनगर आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य सेविका सरिता सिंह और तनु पांडे भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में लाभार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा नए पोषाहार से तैयार की गई विभिन्न पौष्टिक रेसिपियों का प्रदर्शन किया गया। सीडीपीओ बलराम सिंह ने स्वयं इन रेसिपियों का स्वाद चखा और उपस्थित लाभार्थियों को भी उनका स्वाद लेने के लिए प्रेरित किया। ग्राम प्रधान श्रीमती पूनम देवी के प्रतिनिधि अंशु द्विवेदी ने भी पोषाहार से बनी रेसिपियों की सराहना की।
सीडीपीओ ने बताया कि नए पोषाहार में आवश्यक पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा मौजूद है, जिसके नियमित सेवन से कुपोषण की समस्या को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है। इसके बाद लाभार्थियों के बीच पोषाहार का वितरण भी किया गया।
इसके उपरांत टीम ने ग्राम पंचायत बैध बढ़रिया मूडाडिहा पहुंचकर पांच गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों के माता-पिता से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई तथा बच्चों को केला, आम, बिस्कुट और नया पोषाहार वितरित किया गया।
सीडीपीओ बलराम सिंह ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने और नए पोषाहार के सेवन से कुपोषण से मुक्ति दिलाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि बुधवार को सभी गंभीर कुपोषित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत बुलाया गया है, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कुपोषण मुक्त बस्ती के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनसहभागिता और जागरूकता को बेहद आवश्यक बताया।

Subscribe to my channel


