उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में 25 करोड़ की लागत से बन रही खाद्य प्रयोगशाला का निरीक्षण, सचिव डॉ. रोशन जैकब ने दिए सख्त निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 जून 2026। उत्तर प्रदेश शासन के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सचिव एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने शनिवार को अमौली, हथियागढ़ स्थित खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन प्रयोगशाला भवन (एफडीए भवन) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों एवं प्रयोगशाला की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लैब गार्ड प्रतिनिधि ने बताया कि प्रयोगशाला के लिए आवश्यक कुछ फर्नीचर एवं उपकरण पहुंच चुके हैं, जबकि शेष आयातित (इम्पोर्टेड) उपकरण रास्ते में हैं। इस पर डॉ. रोशन जैकब ने निर्देश दिया कि प्रयोगशाला में पहुंचे एवं शेष बचे उपकरणों की विस्तृत सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा सभी आवश्यक सामान आगामी दस दिनों के भीतर उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला में स्थापित लिफ्ट बंद पाई गई। इस पर अधिशासी अभियंता ने एक सप्ताह के भीतर लिफ्ट को चालू कराने का आश्वासन दिया। सचिव ने प्रयोगशाला के मुख्य द्वार के सामने बंद पड़े नाले को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान भवन परिसर में जलभराव की समस्या न हो।
उन्होंने भवन के भूतल पर स्थित खिड़कियों और मुख्य द्वार पर सुरक्षा की दृष्टि से स्टील एवं एल्युमिनियम की ग्रिल लगाने का कार्य भी दस दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि गोरखपुर मंडल में संचालित लैब के वैज्ञानिक अधिकारी-2 की 13 मई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार प्रमाणीकरण के लिए 237 नमूने लंबित हैं। इस पर सचिव ने निर्देश दिया कि प्राप्त नमूनों के सापेक्ष जांच एवं डिस्पैच किए गए नमूनों की अद्यतन रिपोर्ट रविवार शाम तक मुख्यालय को भेजी जाए।
लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रही इस अत्याधुनिक खाद्य प्रयोगशाला के संचालन के बाद खाद्य पदार्थों की जांच क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे स्थानीय व्यापारी, किसान एवं उद्यमी अपने उत्पादों की गुणवत्ता की जांच स्थानीय स्तर पर ही करवा सकेंगे, जिससे खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक आयुक्त (खाद्य) राजेन्द्र सिंह, मुख्यालय प्रभारी प्रयोगशाला एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


