उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में विकास कार्यों और योग दिवस तैयारियों की समीक्षा, डॉ. रोशन जैकब ने दिए सख्त निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 20 जून 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश शासन के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सचिव एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की नोडल अधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने की। उन्होंने सबसे पहले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डॉ. रोशन जैकब ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
समीक्षा में सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छता, राजस्व एवं अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। सचिव ने लंबित परियोजनाओं का शीघ्र निस्तारण करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली आमजन केंद्रित होनी चाहिए और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करे। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में बाढ़ सुरक्षा संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को निर्देशित किया गया कि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए, ताकि संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
बैठक के पश्चात डॉ. रोशन जैकब ने अमर शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम पहुंचकर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने किया। बैठक में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


