उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
बस्ती में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, 21 जून को सार्वजनिक स्थलों पर होंगे योग कार्यक्रम

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 19 जून 2026। जनपद बस्ती में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग)” निर्धारित की गई है। इसके सफल आयोजन को लेकर सभी नगर निकायों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी (स्थानीय निकाय) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जनपद की सभी नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में कार्यालयों, पार्कों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
योग दिवस के सफल आयोजन के मद्देनजर 20 जून को विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत योग कार्यक्रम स्थलों के साथ-साथ अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थानों की व्यापक सफाई कराई जाएगी, ताकि प्रतिभागियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
योग दिवस के सुचारु संचालन के लिए 19 जून को सुबह 8 बजे ऑनलाइन माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स द्वारा योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।
योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” समाज के सभी आयु वर्गों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश देती है। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।

Subscribe to my channel


