उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शिक्षास्वास्थ्य
बलरामपुर जिला कारागार में योग शिविर का आयोजन, 100 से अधिक बंदियों ने किया योगाभ्यास

वेदान्त सिंह की रिपोर्ट
बलरामपुर, 2 जून 2026। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन कार्यक्रम के 19वें दिन के अवसर पर चार दिवसीय योग शिविर के दूसरे दिन जिला कारागार बलरामपुर में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गनाइजेशन, इंडियन योगा एसोसिएशन, इंडियन योगा फेडरेशन, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉलिस्टिक हेल्थ एवं योग स्पोर्ट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
योग शिविर में योग गुरु डॉ. वीरेन्द्र विक्रम सिंह, अवकाश प्राप्त अधिकारी भारतीय स्टेट बैंक, ने जेल में निरुद्ध कैदियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। शिविर की शुरुआत यौगिक सूक्ष्म क्रियाओं से हुई, जिसमें ग्रीवा चालन, स्कंध चालन, कटि चालन और जानू चालन का अभ्यास कराया गया।
इसके बाद ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, पादहस्तासन एवं अर्धचक्रासन जैसे खड़े होकर किए जाने वाले आसनों का अभ्यास कराया गया। वहीं बैठकर किए जाने वाले आसनों में भद्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, पूर्ण उष्ट्रासन, शशांकासन एवं वक्रासन शामिल रहे। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली और भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम में जिला कारागार अधीक्षक मुकेश कुमार एवं शैलेश कुमार सिंह सोनकर का विशेष सहयोग रहा। कारागार अधीक्षक ने बंदियों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डिप्टी जेलर राम प्रवेश, अभय कुमार यादव, सोमनाथ पाण्डेय एवं रण विजय सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। योग शिविर में 100 से अधिक बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ। आयोजकों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

Subscribe to my channel


