बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बामणी में ‘जनजाति गरिमा उत्सव’ के तहत जागरूकता रैली का आयोजन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
(बालोतरा)
निकटवर्ती ग्राम पंचायत किटनोद के राजस्व ग्राम बामणी स्थित आदि सेवा केंद्र पर सोमवार, 18 मई 2026 को ‘धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत सात दिवसीय “जनजाति गरिमा उत्सव” का शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय, जिला परिषद बालोतरा एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान की थीम “जन भागीदारी – सबसे दूर, सबसे पहले” रखी गई है।
अभियान के पहले दिन बामणी आदि सेवा केंद्र पर नोडल अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी (VDO) कमलेश आजणा, आशा सहयोगिनी तथा ग्राम पंचायत टीम की मौजूदगी में ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के साथ विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र के परिवारों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इसके बाद आयोजित बैठक में नोडल अधिकारी हीगाराम ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (PM-DAJUGA) एवं PM-JANMAN योजना के अंतर्गत मिलने वाली 17 विभागों की विभिन्न सुविधाओं और अधिकारों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कल से लगेंगे विशेष शिविर
कार्यशाला में बताया गया कि बामणी आदि सेवा केंद्र पर 19 मई से 25 मई तक प्रतिदिन विशेष पात्रता संतृप्ति शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। वहीं 21 से 23 मई तक ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष जन सुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
सोमवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Subscribe to my channel


