उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना का औचक निरीक्षण, रिंग रोड से गोसंरक्षण केंद्र तक विकास कार्यों की जांच

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 06 मई 2026 (बुधवार): जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को जिले के विभिन्न विकास कार्यों और संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इफको किसान सेवा केन्द्र गोटवा, रिंग रोड निर्माण कार्य, 84 कोसी परिक्रमा मार्ग, बृहद गो संरक्षण केंद्र कोईलपुरा, भारत-इजराइल आम उत्कृष्टता केंद्र तथा कृषि विज्ञान केंद्र बंजरिया का जायजा लिया।
किसान सेवा केंद्र पर उर्वरक स्टॉक की जांच
डीएम ने इफको किसान सेवा केंद्र गोटवा पहुंचकर उर्वरक स्टॉक, कृषि रसायन रजिस्टर और फर्टिलाइजर बिक्री अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि उर्वरक प्राप्त करने वाले किसानों की फॉर्म रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराई जाए।
केंद्र प्रभारी निखिल द्विवेदी और इफको क्षेत्राधिकारी शुभम विश्वकर्मा ने बताया कि कभी-कभी पॉइंट ऑफ सेल मशीन में सर्वर की समस्या आने से बिक्री कार्य प्रभावित होता है।
रिंग रोड निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों पर जोर
गोटवा स्थित रिंग रोड निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट डायरेक्टर नुशरत रवान, प्रोजेक्ट इंजीनियर रोहित श्रीवास्तव और प्रोजेक्ट मैनेजर विनय द्विवेदी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर नाराजगी
84 कोसी परिक्रमा मार्ग के सुधार एवं विकास कार्य का निरीक्षण करते समय तैयारियां अधूरी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर समस्या हो तो तत्काल अवगत कराया जाए।
गोसंरक्षण केंद्र में 272 पशु संरक्षित
ग्राम कोईलपुरा स्थित बृहद गोसंरक्षण केंद्र में निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि वहां 272 पशु संरक्षित हैं। उन्होंने भूसा और चारे की उपलब्धता की जानकारी ली और वर्षा ऋतु को देखते हुए समय से भंडारण करने के निर्देश दिए।
साथ ही पशुचिकित्साधिकारी सतीश वर्मा को पशुओं का समय से टीकाकरण कराने के निर्देश भी दिए गए।
आम उत्कृष्टता केंद्र में किसानों के प्रशिक्षण पर जोर
भारत-इजराइल आम उत्कृष्टता केंद्र में विभिन्न प्रजातियों के आमों का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने संयुक्त कृषि निदेशक उद्यान अवनीश श्रीवास्तव को निर्देश दिया कि किसानों को समय-समय पर आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी हर्रैया सत्येंद्र सिंह, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस.के. तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel

